शासकीय कन्या महाविद्यालय में कम्प्यूटर लैब का किया लोकार्पणरायसेन, 24 अगस्त 2026 केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सोमवार को रायसेन में शासकीय कन्या महाविद्यालय में अजीम प्रेमंजी स्कॉलरशिप योजना के तहत छात्राओं को फार्म भरने में सुविधा के लिए हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया गया।
इस दौरान उन्होंने स्वयं छात्रा कु. दीक्षा का अजीम प्रेजमी स्कॉलरशिप योजना के तहत आवेदन करने की प्रकिया पूर्ण कराई। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय में उपस्थित छात्राओं तथा वीसी के माध्यम जिले के सभी शासकीय महाविद्यालयों की छात्राओं से योजना की जानकारी साझा करते हुए पात्र छात्राओं को समय पर आवेदन करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी, भोजपुर विधायक श्री सुरेन्द्र पटवा, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, पूर्व केबीनेट मंत्री रामपाल सिंह भी साथ रहे। केन्द्रीय मंत्री श्री चौहान छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी पात्र छात्रा, स्कॉलरशिप योजना के तहत आवेदन करने से छूटे नहीं और आवेदन भरते समय कोई त्रुटि ना हो! इसके लिए महाविद्यालय में छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष हेल्प डेस्क स्थापित की गई है।
हेल्प डेस्क के माध्यम से छात्राओं को छात्रवृत्ति योजना से संबंधित पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, फार्म भरने और आवेदन जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ ही आवेदन भी भरे जाएंगे। केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने कहा कि आर्थिक कारणों से किसी भी छात्रा की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
सरकार द्वारा संचालित स्कॉलपरशिप योजनाओं तथा विभिन्न संगठनों द्वारा भी संचालित की जा रहीं स्कॉलरशिप योजनाओं का लाभ सभी पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने प्राचार्य तथा अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र छात्रा, आवेदन भरने से छूटे नहीं। केन्द्रीय मंत्री चौहान से संवाद के दौरान छात्राओं ने कहा कि महाविद्यालय में ही मार्गदर्शन और आवेदन संबंधी सहायता मिलने से उन्हें काफी सुविधा होगी। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना निःशुल्क
शासकीय कन्या महाविद्यालय में कम्प्यूटर लैब का किया लोकार्पण केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान द्वारा शासकीय कन्या महाविद्यालय में कम्प्यूटर लैब का भी लोकार्पण किया गया। इस दौरान लैब का अवलोकन किया तथा छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उन्हें पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी, भोजपुर विधायक श्री सुरेन्द्र पटवा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा, पूर्व केबीनेट मंत्री श्री रामपाल सिंह तथा श्री राकेश शर्मा भी साथ रहे। अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप हेतु 31 अगस्त तक जमा होंगे आवेदन उच्च शिक्षा के लिए छात्राओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना के तहत वर्ष 2026-27 के प्रथम चरण के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। छात्रवृत्ति के लिए आवेदन पूरी तरह निःशुल्क है तथा आवेदन के किसी भी चरण पर किसी प्रकार का शुल्क देय नहीं है। योजना के तहत ऐसी छात्राएं पात्र हैं, जिन्होंने सरकारी स्कूल से कक्षा 10वीं और 12वीं की पढ़ाई की हो तथा किसी प्रमाणिक उच्च शिक्षा संस्थान में डिग्री या डिप्लोमा कार्यक्रम के प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया हो। प्रमाणिक उच्च शिक्षा संस्थानों में सभी सरकारी संस्थान तथा चयनित निजी उच्च शिक्षा संस्थान शामिल हैं। यह छात्रवृत्ति निर्धारित पात्र राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की छात्राओं के लिए उपलब्ध है, जिसमें मध्य प्रदेश भी शामिल है। छात्रवृत्ति के तहत डिग्री या डिप्लोमा कार्यक्रम की पूरी अवधि के लिए प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। छात्रा के सफलतापूर्वक अध्ययन जारी रखने तक यह सहायता मिलती रहेगी। उदाहरण के लिए चार वर्षीय बीएससी नर्सिंग कार्यक्रम में अध्ययनरत छात्रा को चार वर्षों में कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्राप्त होगी। राशि प्रत्येक वर्ष दो किस्तों में छात्रा के बैंक खाते में सीधे हस्तांतरित की जाएगी। आवेदन के लिए छात्रा का रंगीन फोटो, आधार कार्ड के सामने वाले हिस्से की रंगीन प्रति, स्वयं के सक्रिय बैंक खाते की पासबुक के प्रथम पृष्ठ की स्कैन कॉपी, जिसमें नाम, खाता संख्या, आईएफएससी कोड एवं बैंक शाखा की जानकारी स्पष्ट हो, कक्षा 10वीं एवं 12वीं की अंकसूची तथा कॉलेज की प्रवेश शुल्क रसीद अथवा बोनाफाइड प्रमाण-पत्र आवश्यक है।


