अवैध शराब और गांजे का खुला कारोबार, नई पीढ़ी खतरे में; प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
जिला रायसेन के ओबैदुल्लागंज नगर सहित ब्लॉक के कई ग्रामीण अंचलों में अवैध शराब और नशीले पदार्थों का कारोबार बेखौफ चल रहा है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार नगर के कई ढाबों पर खुलेआम शराब परोसी जा रही है, वहीं अर्जुन नगर सहित कुछ इलाकों में घरों से चोरी-छिपे गांजे की बिक्री की शिकायतें मिल रही हैं। अर्जुन नगर के अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्र में भी कुछ लोगों द्वारा कच्ची हाथ-भट्टी शराब बनाकर कम दामों में बेची जा रही है। सस्ती होने के कारण गरीब मजदूर वर्ग इसकी लत का शिकार हो रहा है।
वही अर्जुन नगर म ब्रिज के नीचे रात्रि में लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। वहाँ पर कुछ असामाजिक लोगो द्वारा लोगों के साथ छेड़खानी, लूटपाट, मारपीट की घटना होती रहती है। रहवासियों ने थाने में इसकी शिकायत भी की है। इस पर शीघ्र कार्यवाही की मांग करतें हुए पत्रकार बंधुओं से अपील की है कि इसको अखबार में प्रकाशन की जाए जिससे हमारी सुनवाई हो सके।
ओबैदुल्लागंज ब्लॉक के कई ग्रामों में देशी-अंग्रेजी शराब के साथ-साथ कच्ची शराब की भी खुलेआम बिक्री हो रही है। हैरानी की बात है कि इस गंभीर मामले में आबकारी विभाग के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध कारोबार में लिप्त कुछ तत्वों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे खुलेआम कहते हैं – “कोई हमारा क्या बिगाड़ लेगा।” इन्हें न तो पुलिस का डर है और न ही आबकारी विभाग का भय।
इस अवैध कारोबार के कारण नगर की नई युवा पीढ़ी नशे की लत की ओर धकेली जा रही है, जो समाज के लिए बेहद चिंताजनक है। नगर के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि इस पर तत्काल रोक लगाई जाए और सघन जांच अभियान चलाकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं को नशे की इस दलदल से बचाया जा सके।
